उत्तर प्रदेश : बंद मकान को बनाया निशाना, लाखों की नकदी व जेवरात चोरी

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के उपेड़ा गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार देर रात की है। उपेड़ा गांव निवासी वेद प्रकाश अंबेडकर मूर्ति के पास रहते हैं। उनकी तबीयत अचानक खराब हो जाने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए थे, जिसके चलते मकान पर ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद पड़े मकान को अपना निशाना बना लिया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारियों व बक्सों को खंगाल डाला।
बताया जा रहा है कि चोर करीब सात लाख रुपये की नकदी, सोने की अंगूठियां, तगड़ी, मंगलसूत्र, पाजेब समेत अन्य सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह जब परिजन अस्पताल से वापस घर लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ और अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।।





