उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में जेवर लिंक गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि बैनामा प्रक्रिया शुरू, किसानों में उत्साह

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में जेवर लिंक गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर गुरुवार से भूमि बैनामा प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई। जिले की स्याना, शिकारपुर, सदर, खुर्जा और सिकंदराबाद तहसीलों में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा किसानों से बैनामे का कार्य सफलतापूर्वक शुरू किया गया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने बैनामा कराने पहुंचे किसानों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों ने भी इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके सहयोग से क्षेत्र और प्रदेश का विकास होगा और इसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। साथ ही उन्होंने अन्य भू-स्वामियों से भी अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने बैनामे कराकर समय पर भुगतान प्राप्त करें और परियोजना को गति देने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी श्रुति ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बैनामा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु और त्वरित ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बैनामे की धनराशि शीघ्र उनके खातों में स्थानांतरित की जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी हो सके।





