उत्तर प्रदेश : हापुड़ में बारात में युवतियों से अभद्रता, विरोध पर मारपीट, वीडियो वायरल

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित फ्री गंज रोड पर देर रात एक बारात के दौरान युवतियों से अभद्रता और उसके बाद हुई मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जनपद से आई बारात फ्री गंज रोड पर चढ़त के दौरान पहुंची थी। बैंड के आगे कुछ युवतियां डांस कर रही थीं। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। युवतियों ने विरोध किया, लेकिन युवक नहीं माने। इसके बाद युवतियों ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी युवक आग बबूला हो गए और दूल्हे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया और पुलिस को सूचना दे दी।
आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी युवकों ने मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





