उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : मथुरा में फलाहारी महाराज ने दिग्विजय सिंह से कहा- राम मंदिर का चंदा वापस ले जाएं, रसीद दिखाकर ले जाएं पैसा

Mathura : राम मंदिर निर्माण और सनातन धर्म को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच मथुरा से एक बड़ा मामला सामने आया है। मथुरा के प्रसिद्ध संत फलाहारी महाराज ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को पत्र लिखकर उनका राम मंदिर के लिए दिया गया चंदा लौटाने की बात कही है। फलाहारी महाराज ने कांग्रेस पर सनातन धर्म और राम मंदिर का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे नहीं चाहते कि कांग्रेस का एक भी रुपया प्रभु श्री राम के मंदिर में लगे।

दिग्विजय सिंह को लिखे पत्र में फलाहारी महाराज ने कहा, “आप अपनी चंदे की रसीद दिखाएं और अपना चंदा वापस ले जाएं।” उन्होंने आगे कहा कि सभी ब्रजवासी और साधु-संत मिलकर कांग्रेसी चंदे की पाई-पाई लौटाने को तैयार हैं। महाराज ने दिग्विजय सिंह से अनुरोध किया कि चंदे को लेकर वे राम मंदिर पर किसी भी प्रकार का मुकदमा न करें और हमारे प्रभु को विवादों से दूर रखें।

पत्र में फलाहारी महाराज ने कांग्रेस और दिग्विजय सिंह पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि आपने हमेशा भगवान श्री राम को काल्पनिक माना था। आपकी पार्टी के नेताओं ने हमारे सनातन धर्म का कई बार अपमान किया और राम मंदिर निर्माण का भी खुलकर विरोध किया था। संत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की, जिसके तहत मुसलमानों के लिए वक्फ बोर्ड एक्ट को प्रभावी बनाया गया। वहीं दूसरी ओर हिंदुओं के मठ और मंदिरों की आजादी के विरोध में पूजा उपासना अधिनियम 1991 लागू किया गया।

फलाहारी महाराज ने पत्र के अंत में कहा कि दिग्विजय सिंह सनातन धर्म के बहुत बड़े विरोधी हैं। आपके इस चंदे से हमारे प्रभु श्री राम भी दुखी हो गए होंगे। आप हमारे श्री राम मंदिर से दूर ही रहें तो यही हम सबके लिए और सनातन धर्म के लिए अच्छा होगा। इस पत्र के बाद क्षेत्र के साधु-संतों और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Related Articles

Back to top button