राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण, आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना के बाद से परिजन काफी चिंतित हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।

पीड़िता की मां ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 13 फरवरी को उसकी 20 वर्षीय पुत्री संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि एक अज्ञात युवक शादी का झांसा देकर उसकी पुत्री को अपने साथ ले गया है।

मां ने यह भी बताया कि युवती ने पहले परिवार के एक सदस्य को बताया था कि एक युवक उसे परेशान करता है और जान से मारने की धमकी देता है। ऐसे में परिवार को आशंका है कि आरोपी युवती के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है।

मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संभावित स्थानों पर युवती की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button