राज्यउत्तर प्रदेश

Jewar Bus Service: जेवर के फजायलपुर से नोएडा सेक्टर-37 तक शुरू हुई जनता बस सेवा, हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

Jewar Bus Service: जेवर के फजायलपुर से नोएडा सेक्टर-37 तक शुरू हुई जनता बस सेवा, हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए नववर्ष से पहले एक बड़ी सौगात मिली है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बुधवार को फजायलपुर गांव से नोएडा सेक्टर-37 तक जनता बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के बुजुर्गों ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस नई बस सेवा के शुरू होने से दर्जनों गांवों के हजारों नागरिकों को सीधा और सस्ता परिवहन साधन उपलब्ध हो सकेगा।
यह जनता बस सेवा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन को आसान बनाएगी। अब लोगों को जिला मुख्यालय, तहसील, अस्पताल, कॉलेज, स्कूल और अन्य जरूरी संस्थानों तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। खास तौर पर स्कूली बच्चों, कॉलेज के छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और बुजुर्गों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे न सिर्फ यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक होगी, बल्कि समय और धन दोनों की बचत भी होगी।
जनता बस सेवा का रूट फजायलपुर गांव से शुरू होकर ईकोटेक-द्वितीय, मायंचा, हायर कंपनी, डाबरा, डाढ़ा, नट मढ़ैया, ऐच्छर, परिचचौक, जगत फार्म, पेप्सी कंपनी, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय, सूरजपुर, सीआरपीएफ कैंप, सुत्याना, कुलेसरा, फेस-2, नगला, सेक्टर-82, भंगेल और बरौला होते हुए नोएडा सेक्टर-37 तक तय किया गया है। इस लंबे रूट से ग्रामीण इलाकों को नोएडा के प्रमुख प्रशासनिक और व्यावसायिक क्षेत्रों से सीधा जोड़ा गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर और सुलभ परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में अन्य रूटों पर भी जनता बस सेवा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत हो सके। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आम जनता के हित में एक अहम कदम बताया है।

Related Articles

Back to top button