उत्तर प्रदेश : कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में किया जोरदार प्रदर्शन

Mathura News : मथुरा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर लगभग 1:00 बजे पुष्पांजलि स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया गया। कांग्रेसजन महोली रोड स्थित बजरंग धर्म कांटा पर एकत्रित हुए, जहां से वे नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण को लेकर भाजपा द्वारा राजनीतिक द्वेष की भावना से सोनिया गांधी और राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सत्य को दबाने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन उसे पराजित नहीं किया जा सकता। भाजपा सरकार कांग्रेस की छवि धूमिल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा कार्यालय के आसपास पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी कार्यकर्ता को कार्यालय तक पहुंचने नहीं दिया गया। जब कुछ कार्यकर्ता आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर गेट पर ही बैठ गए और नारेबाजी करते हुए जाम जैसी स्थिति बना दी।
यह प्रदर्शन मुकेश धनगर, जिला अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा की अध्यक्षता में हुआ। उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और आक्रोश देखने को मिला।





