उत्तर प्रदेश : हापुड़ में टायर फटने से पलटी कार, दो घायलों की मौत से परिवारों में मचा कोहराम

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव नानपुर के पास हुए सड़क हादसे में घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार शाम मेरठ की ओर से एक कार गढ़ की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार नानपुर के पास पहुंची, अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे में मेरठ जनपद के थाना इंचोली क्षेत्र के गांव मेथना निवासी चालक हंशुल सहित अमित चौहान, जयवती, कमलेश, नेहा, रजनी, ज्योति, लक्ष्य, सीमा और अनुष्का घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं शनिवार को मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान चालक हंशुल और ज्योति की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों की मौत की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोतवाली में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





