उत्तर प्रदेश : फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवक को बदनाम करने का आरोप, साइबर सेल में शिकायत दर्ज

Hapur News : जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अपनी पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने और उसे बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाते हुए साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि उसके नाम से बनाई गई आईडी के जरिए उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ित के अनुसार, मुरादाबाद निवासी एक युवती पिछले कुछ समय से अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजकर उसे परेशान कर रही थी। कई बार नंबर ब्लॉक करने के बावजूद यह सिलसिला नहीं रुका। आरोप है कि संपर्क न हो पाने पर युवती ने “pinkimanoj2010” नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बना लिया, जिस पर शुरुआत में अपनी तस्वीरें पोस्ट की गईं, लेकिन शिकायत के बाद उन्हें हटा दिया गया।
इसके बाद कथित तौर पर उस अकाउंट से पीड़ित के भाइयों की तस्वीरें और फिर पीड़ित व उसकी पत्नी की निजी तस्वीरें अपलोड की गईं, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। साथ ही कुछ भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डालकर उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। पीड़ित का दावा है कि इस फर्जी आईडी के फॉलोअर्स में आरोपित युवती के करीबी रिश्तेदार भी शामिल हैं, जिससे साजिश की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस से अनुरोध किया है कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की आईपी लॉग, डिवाइस आईडी और रजिस्ट्रेशन डिटेल्स की जांच की जाए। साथ ही यूजरनेम बदलने की हिस्ट्री और फॉलोअर्स की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। उसने दोषी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साइबर थाना प्रभारी पटनीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





