उत्तर प्रदेश : हापुड़ में पूरे शान और अनुशासन के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, भव्य परेड का हुआ आयोजन

Hapur News : हापुड़ में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे सम्मान, अनुशासन और देशभक्ति के उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के नेतृत्व में भव्य गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस बल की अनुशासनप्रियता और कार्यकुशलता देखने लायक रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।
परेड में यातायात पुलिस, सशस्त्र पुलिस, नागरिक पुलिस, सीईआर, महिला पुलिस टुकड़ी सहित विभिन्न टोलियों ने आकर्षक और अनुशासित प्रदर्शन प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सोमवार सुबह परेड ग्राउंड में परेड का भव्य आगमन हुआ, जहां प्रथम परेड कमांडर द्वारा परेड का प्रभार ग्रहण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की शक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद भारत आज विश्व के अग्रणी लोकतांत्रिक देशों में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है।
उन्होंने पुलिस बल के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की सराहना करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए पुलिस निरंतर सतर्कता और निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनता के प्रति संवेदनशील और मित्रवत व्यवहार बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला जज अजय कुमार सिंह प्रथम, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, सीओ वरुण मिश्रा, सीओ स्तुति सिंह, सीओ अनीता चौहान, सीओ यातायात राहुल यादव, प्रतिसार निरीक्षक महेश चंद थपलियास सहित सभी थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।




