Traffic Police: ISBT आनंद विहार पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, DCP बोले- अतिक्रमण पर ‘Zero Tolerance’ नीति लागू

Traffic Police: ISBT आनंद विहार पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, DCP बोले- अतिक्रमण पर ‘Zero Tolerance’ नीति लागू

रिपोर्ट: रवि डालमिया

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को ISBT आनंद विहार के पास ट्रैफिक पुलिस की ईस्टर्न रेंज और नगर निगम (MCD) की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए ठेले, रेहड़ियां और अन्य सामान हटाया गया, जबकि कई अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चालान भी किए गए।

यह अभियान ट्रैफिक सर्कल मधु विहार के अंतर्गत इंस्पेक्टर समर पाल की निगरानी में चलाया गया। ट्रैफिक पुलिस और एमसीडी की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा कर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाया। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर यातायात के सुचारु संचालन के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

अभियान के दौरान एमसीडी की टीम ने मौके से तख्त, पानी की पेटियां, फ्रिज, बेंच, काउंटर, तिरपाल, स्टूल, ड्रम, छाते, कालीन, चारपाई, बांस, रेहड़ियों सहित करीब 16 प्रकार का सामान जब्त किया। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण करने वाले 10 लोगों के चालान भी काटे गए।

Traffic Police, ISBT Anand Vihar, Delhi Traffic Police, Encroachment Drive, Delhi News

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ईस्टर्न रेंज के डीसीपी के. रमेश ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान केवल आनंद विहार तक सीमित नहीं है, बल्कि ईस्टर्न रेंज के सभी ट्रैफिक सर्कलों में लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भजनपुरा, शाहदरा और नंद नगरी क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है और अब यह अभियान मधु विहार तक पहुंच चुका है।

डीसीपी के. रमेश ने कहा कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत उन सभी स्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जहां अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य अतिक्रमण के प्रति Zero Tolerance की नीति अपनाना है। जहां भी ट्रैफिक अतिक्रमण के कारण प्रभावित होगा, वहां बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई की जाएगी। हर ट्रैफिक सर्कल में ऐसे संवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं और स्थानीय पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम के सहयोग से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि ISBT, मेट्रो स्टेशन, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिक्रमण की वजह से अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति बन जाती है। ऐसे स्थानों पर नियमित कार्रवाई से यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में यातायात बाधित करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img