Greater Noida Accident: सरिया से लदा ट्रक पोल से टकराकर नाले में गिरा, चालक की दर्दनाक मौत
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। सरिया से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराया और फिर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। ट्रक का केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण चालक को निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने गैस कटर और क्रेन की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला।
मृतक की पहचान बुलंदशहर जिले के चांदपुर निवासी 28 वर्षीय आमिर पुत्र मकसूद के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ट्रक चालक को वाहन चलाते समय नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
