Traffic Management : परी चौक समेत प्रमुख चौराहों पर जाम से राहत के लिए बनेगी कार्ययोजना, सांसद महेश शर्मा ने दिए निर्देश
नोएडा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। शनिवार को सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित संसद सदस्य सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विशेष रूप से परी चौक सहित जिले के प्रमुख चौराहों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जाने वाले मार्गों पर भविष्य में यातायात बढ़ने की संभावना पर चिंता व्यक्त की गई। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अधिकारियों को दीर्घकालिक और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। सुरक्षित सड़कें, अनुशासित यातायात और जागरूक नागरिक ही दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से एयरपोर्ट मार्गों पर पहले से ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा व्यावसायिक वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय सारणी तय करने को कहा।
बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि सड़क सुरक्षा संबंधी बैठकों में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) गाजियाबाद के अधिकारियों की भी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने परिवहन विभाग को ट्रैफिक पार्क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए, जिससे बच्चों और आम नागरिकों को व्यवहारिक रूप से यातायात नियमों की जानकारी दी जा सके।
एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने तिलपता क्षेत्र में निर्माणाधीन डिवाइडर के अधूरे कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने पर जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसीईओ नोएडा सतीश पाल, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुमित यादव, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


