Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में 50 लाख की ज्वेलरी के साथ शातिर चोर गिरोह गिरफ्तार, ऑटो में घूमकर करते थे रेकी

 Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में 50 लाख की ज्वेलरी के साथ शातिर चोर गिरोह गिरफ्तार, ऑटो में घूमकर करते थे रेकी

नोएडा के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच सूरजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवरात, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से ग्रेटर नोएडा की सोसायटियों और सेक्टरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। आरोपी दिन और रात के समय ऑटो में बैठकर विभिन्न सेक्टरों और रिहायशी सोसायटियों में घूमते थे। इस दौरान वे बंद पड़े मकानों की रेकी करते और मौका मिलते ही घरों के ताले तोड़कर चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी के दौरान गिरोह के दो सदस्य ऑटो में बैठे रहते थे, जबकि बाकी सदस्य घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कीमती सामान चोरी करते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तुरंत ऑटो में बैठकर मौके से फरार हो जाते थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं होता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल निवासी प्रदीप, शिव कुमार, वीरेश उर्फ वीरू और सूरज उर्फ बंता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों ने 24 मई को अलग-अलग घरों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा 21 मई को ओमिक्रॉन-3 क्षेत्र में भी एक घर में बड़ी चोरी की वारदात की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने एक दर्जन से ज्यादा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 65 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी की चेन, अंगूठियां, नोज पिन और अन्य कीमती ज्वेलरी बरामद की है। बरामद ज्वेलरी की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने और किन इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img