सोसायटी में बिजली गुल होने से निवासी परेशान

अमर सैनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न सोसायटियों में रहने वाले लोग बिजली गुल होने (ट्रिपिंग) की समस्या से जूझ रहे हैं। सोमवार देर रात करीब छह सोसायटियों में बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रात में एनपीसीएल की लाइन में खराबी आने से लोगों के घरों की बिजली भी करीब 40 मिनट तक बाधित रही।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कासा वुड के 11वें, 12वें और 16वें एवेन्यू, महागुंगु माईवुड्स, गैलेक्सी और गौर सिटी 2 के निवासियों को बार-बार बिजली गुल होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। महागुंगु माईवुड्स सोसायटी निवासी अनिल वर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे बिजली बार-बार ट्रिप हो रही थी। इसके कुछ देर बाद ही रात 12 बजे अचानक सोसायटी में बिजली गुल हो गई। एनपीसीएल से शिकायत करने पर बताया गया कि उनकी तरफ से कुछ खराबी है, जिसे ठीक किया जा रहा है। इस दौरान करीब 40 मिनट तक सोसायटी में लोगों के घरों में बिजली नहीं आई।

वहीं, लोग जन्माष्टमी का व्रत खोलने की तैयारी कर रहे थे। इससे निवासियों को परेशानी हुई। उपकरणों के खराब होने का भी डर बना हुआ है। निवासियों का का आरोप है कि बिजली कटौती की समस्या काफी रहती है, जिससे रहवासियों का घरेलू सामान भी खराब हो जाता है। बार-बार बिजली आने-जाने से एसी, फ्रिज, टीवी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब हो जाते हैं। इससे रहवासियों को नुकसान होता है।
9 लाख के मोबाइल चोरी
नोएडा। फेज तीन कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर 69 में वेयर हाउस से चोरों ने 9 लाख के मोबाइल चोरी कर लिए। जांच में पता चला है कि कुल 42 मोबाइल चोरी किए गए है। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोर खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे। मोबाइल चोरी के अलावा चोर इनवर्टर व सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी चोरी कर ले गए।

दिल्ली भजनपुरा के रहने वाले दिनेश साहू ने पुलिस को बताया कि वह निजी कंपनी में तैनात है। सेक्टर 69 के ए ब्लाक में चार मंजिला इमारत में पहली मंजिल पर वेयरहाउस है। 24 अगस्त की सुबह वेयर हाउस से चोर 42 मोबाइल फोन, एक इनवर्टर और सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी कर ले गए। घटना स्थल तक पहुंचने के लिए चोरों ने बगल की निर्माणाधीन बिल्डिंग का इस्तेमाल किया। उसी का सहारा लेकर चोर वेयरहाउस तक पहुंचे। दोनों बिल्डिंग की दीवार सटी होने के चलते चोरों ने इसका फायदा उठाया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img