शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर जताया ऑनलाइन हाजिरी का विरोध

अमर सैनी

नोएडा। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में सोमवार से शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन हाजिरी लगाई जानी थी, जिसका लगभग जनपद के लगभग सभी विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा विरोध किया गया। शिक्षक अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर स्कूल में पहुंचे और ऑनलाइन हाजिरी का बायकाट किया। साथ ही राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग के पदाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में जाकर ऑनलाइन हाजिरी के प्रति नाराजगी जताई और अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन जिलाअधिकारी को सौंपा। वहीं, कलेक्ट्रेट में चल रही बैठक में आए लोक निर्माण मंत्री बृजेश सिंह के समक्ष भी शिक्षकों ने इस मुद्दे को उठाया।
दरअसल, स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेज कर निर्देशित किया था कि सभी परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा विद्यालयों में 25 जून से छात्रों की उपस्थिति पंजीकृत डिजिटल तौर पर कराई जाए। साथ ही सभी अध्यापकों की भी उपस्थित 8 जुलाई यानि सोमवार से कराई जाए। जिसके आधार पर चारों ब्लॉकों में बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने ऑनलाइन हाजिरी लगाने के लिए आदेश जारी कर दिए। इसके बाद से ही शिक्षकों द्वारा इसका विरोध जताना शुरू कर दिया गया। सोमवार को सभी शिक्षकों को ऑनलाइन हाजिरी लगानी थी, लेकिन उन्होंने हाजिरी लगाने की बजाय इसका बायकाट किया। सभी शिक्षकों ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधी और ऑनलाइन हाजिरी लगाने का विरोध किया। साथ ही काले पट्टे बांधकर छात्रों को प्रार्थना कराई और कक्षाओं में पढ़ाया। वहीं, केवल कुछ ही विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन हाजिरी लगाई गई। उत्तर प्रदेश प्राथमिक संघ के मंडल अध्यक्ष मेघराज भाटी ने बताया कि शासन के आदेश से शिक्षक संघ सहमत नहीं है। किसी भी शिक्षक सथी का अहित नहीं होने दिया जाएगा। सभी शिक्षकों ने एकता दिखाते हुए सोमवार को ऑनलाइन हजारे का बायकाट किया है। जो कि आगे भी किया जाएगा। सभी ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर ऑनलाइन हाजिरी का विरोध जताया है। जनपद के सभी विद्यालयों में शिक्षकों ने हाजरी नहीं लगाई है।

कलेक्ट्रेट में अपनी मांगों को लेकर दिया ज्ञापन

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक इकट्ठा होकर सोमवार को स्कूल समाप्त होने के बाद सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में पहुंचे। जहां पर सभी शिक्षकों ने ऑनलाइन हाजिरी लगाने का विरोध जताया और मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि ऑनलाइन हाजिरी का सभी शिक्षक विरोध कर रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगों को रखा गया है। जिसमें की अन्य विभागों की बातें हाफ डे का आवश्यक, 30 दिन एक ईएल या पी एल दी जाए, अन्य विभागों की तरह प्रतिकर अवकाश सर्वर क्रैश होने पर वैकल्पिक व्यवस्था, भेदभाव पूर्ण और शोषणकारी ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था को समाप्त कर अन्य विभागों की बातें उपस्थित ली जाए।

हाजिरी न लगने पर कटेगा वेतन

बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार का कहना कि शासन की तरफ से सभी शिक्षकों को ऑनलाइन हाजिर लगाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही अगर कोई भी शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगता है तो उसके वेतन काटने के भी आदेश हैं। जितने दिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होगी, उतने ही दिन का शिक्षक का वेतन काटा जाएगा। साथ ही जिन विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा विरोध जताया जा रहा है, उन्हें समझाया जाएगा। साथ ही सर्ग एसआरजी, एआरपी और खंड शिक्षा अधिकारियों को भी शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए मैदान में उतर जाएगा। जिससे कि जल्द से जल्द जनपद में सत प्रतिशत ऑनलाइन हाजिरी लगाई जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img