Gaur City Stadium: स्टेडियम में प्रवेश पर रोक से भड़के निवासी, गेट पर किया विरोध

Gaur City Stadium: स्टेडियम में प्रवेश पर रोक से भड़के निवासी, गेट पर किया विरोध

नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी-1 टाउनशिप के स्टेडियम में सुबह और शाम टहलने पर रोक लगाए जाने से रविवार को निवासी भड़क गए। बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम के गेट पर एकत्र हुए और प्रवेश बंद किए जाने का विरोध किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

निवासियों का आरोप है कि गौर प्रबंधन स्टेडियम के ग्रीन एरिया में निर्माण कार्य करा रहा है और इसी वजह से पूरे स्टेडियम में लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य को लेकर स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जा रही है।

गौर सिटी-1 में रहने वाले लोगों के मुताबिक, टाउनशिप में हजारों लोग रहते हैं और वे रोजाना सुबह-शाम स्टेडियम में टहलने और व्यायाम करने जाते हैं। ऐसे में पूरे स्टेडियम को बंद करने से उन्हें परेशानी हो रही है।

दो महीने बंद रखने का नोटिस

निवासियों ने बताया कि 20 जुलाई को प्रबंधन की ओर से नोटिस जारी किया गया था। इसमें वॉकिंग ट्रैक के रिनोवेशन का हवाला देते हुए करीब दो महीने तक स्टेडियम को आम लोगों के लिए बंद रखने की जानकारी दी गई थी।

निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य स्टेडियम के केवल एक छोटे हिस्से में चल रहा है। ऐसे में बाकी हिस्से को लोगों के लिए खोला जा सकता है। रविवार सुबह कई लोग बच्चों के साथ स्टेडियम पहुंचे तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और बाद में पुलिस को बुलाना पड़ा।

निवासियों का कहना है कि स्टेडियम के इस्तेमाल के लिए उनसे वार्षिक शुल्क लिया जाता है और वे समय पर भुगतान भी करते हैं। इसके बावजूद पूरे स्टेडियम को बंद करना उचित नहीं है।

गौर सिटी-1 निवासी अनीता प्रजापति ने कहा कि टाउनशिप में रहने वाले लोगों के लिए स्टेडियम की एंट्री फ्री होनी चाहिए, लेकिन इसके बाद भी लोग शुल्क का भुगतान करते हैं। अब प्रवेश बंद कर दिया गया है और इसका स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है।

वहीं निवासी अमरजीत ने आरोप लगाया कि ग्रीन एरिया में निर्माण कार्य नियमों के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यहां किसी व्यावसायिक गतिविधि की तैयारी हो सकती है। उनका कहना है कि स्टेडियम काफी बड़ा है और बाकी हिस्से में लोगों को टहलने की अनुमति दी जा सकती है।

 

Hot this week

New Delhi : शीतकालीन सत्र से पहले विदेश दौरे पर उठे सवाल, तीन बड़े बिलों पर टिकी नजर

New Delhi (अमित धर द्विवेदी) : संसद के आगामी शीतकालीन...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img