Mathura : मथुरा में समाजवादी पार्टी की निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आजाद नगर निवासी मनीष आजाद की शिकायत पर मुख्यमंत्री पोर्टल और उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद पुलिस ने ऋतु गोयल, उनके बाउंसरों और अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और गले में अंगोछे का फंदा डालकर जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया है।
एफआईआर के अनुसार घटना 19 अगस्त 2026 की दोपहर करीब दो बजे की है। पीड़ित मनीष आजाद अपने साथी देवीनंदन कश्यप के साथ एनएम-19 बरारी स्थित देवी मंदिर के पास खड़े थे। तभी गांव बरारी में एक बैठक से लौट रही ऋतु गोयल ने गाड़ी रुकवाई और अपने साथ मौजूद लोगों को मनीष को पकड़ने का आदेश दिया। आरोप है कि ऋतु गोयल ने गाली गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि ज्यादा बड़ा नेता बन रहे हो आज तुम्हें सबक सिखाती हूं। इसके बाद उनके साथियों ने पीड़ित के गले में पड़ी साफी का फंदा बनाकर खींचना शुरू कर दिया।
चीख पुकार सुनकर मौके पर मौजूद देवीनंदन कश्यप, शिवकुमार चौधरी और अन्य ग्रामीणों ने बीच बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। भीड़ को इकट्ठा होते देख आरोपी अवैध असलहे लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। पीड़ित का कहना है कि इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी फोन और मौखिक रूप से जातिसूचक शब्दों के साथ धमकियां दी गई थीं जिसकी शिकायत पहले ही की जा चुकी है। पीड़ित ने अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देश पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।


