पंजाबराज्य

Punjab Bachao Rally: ‘पंजाब बचाओ’ रैली में नायब सिंह सैनी का बड़ा संदेश, विकास और सुरक्षा के लिए भाजपा को मौका देने की अपील

Punjab Bachao Rally: ‘पंजाब बचाओ’ रैली में नायब सिंह सैनी का बड़ा संदेश, विकास और सुरक्षा के लिए भाजपा को मौका देने की अपील

रिपोर्ट : कोमल रमोला

चंडीगढ़, 21 फरवरी — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर में आयोजित ‘पंजाब बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। उन्होंने कहा कि यह गुरुओं की पावन धरती है, जहां से श्री हरमंदिर साहिब से ‘सरबत दा भला’ का संदेश विश्वभर में पहुंचा। यही वह भूमि है जहां जलियांवाला बाग आज भी स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की गवाही देता है और जिसने देश को भगत सिंह, उधम सिंह और सुखदेव जैसे अमर सपूत दिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी महान धरती पर ‘पंजाब बचाओ’ का नारा लगाना पीड़ा भी देता है और संकल्प को मजबूत भी करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आज पंजाब का युवा सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरे भविष्य की ओर बढ़ रहा है या नशे और निराशा की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा व स्थिरता को भी प्रमुख मुद्दा बताया।

 

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और ढीली प्रशासनिक व्यवस्था ने राज्य को कमजोर किया। नशे की समस्या गांव-गांव तक फैली, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि चार वर्षों में नशा खत्म नहीं हुआ और युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला। उन्होंने पंजाब सरकार से श्वेत पत्र जारी कर रोजगार और नशा तस्करी पर हुई कार्रवाई का ब्यौरा देने की मांग की।

 

हरियाणा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसानों को पूर्ण मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन की तुलना में भाजपा सरकार ने किसानों को कई गुना अधिक मुआवजा दिया है।

 

स्वास्थ्य योजनाओं पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और इस पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता के तहत हरियाणा में 3,200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता से विकास, सुशासन और सुरक्षा के लिए भाजपा को अवसर देने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में पंजाब की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

 

 

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Related Articles

Back to top button