Noida: प्रो रेसलिंग लीग सीजन-5 का आगाज़, नोएडा में कुश्ती का रोमांच 15 जनवरी से रोज़ाना

Noida: प्रो रेसलिंग लीग सीजन-5 का आगाज़, नोएडा में कुश्ती का रोमांच 15 जनवरी से रोज़ाना
रिपोर्ट। अजीत कुमार
नोएडा में शुक्रवार से शुरू हुई प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) 2026 ने खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर पैदा कर दी है। लीग की आयोजक और नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने मीडिया को बताया कि यह भारत की पहली फ्रेंचाइज़ी आधारित अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता है, जो 15 जनवरी से 1 फरवरी तक नोएडा स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह के नेतृत्व में इस लीग का उद्देश्य भारतीय कुश्ती को वैश्विक मंच पर नई पहचान देना है। इस सीज़न की खास बात यह है कि पहली बार जापान के विश्वस्तरीय पहलवान भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
पीडब्ल्यूएल 2026 में कुल 17 देशों के पहलवान भाग ले रहे हैं, जिनमें भारत, ईरान, अज़रबैजान, मंगोलिया, जापान, पोलैंड, कनाडा और जॉर्जिया जैसे प्रमुख कुश्ती राष्ट्र शामिल हैं। लीग में छह फ्रेंचाइज़ी टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी: टाइगर्स ऑफ मुंबई डेंगल्स, महाराष्ट्र केसरी, यूपी डोमिनेटर्स, पंजाब रॉयल्स, हरियाणा थंडर्स और दिल्ली डेंगल वॉरियर्स। विजेता फ्रेंचाइज़ी को 1.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी, जबकि उपविजेता टीम को 75 लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी सम्मानित किया जाएगा; टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर को 2.5 लाख, डेली प्लेयर ऑफ द मैच को 50,000 और फाइटर ऑफ द मैच को 25,000 रुपये दिए जाएंगे।
लीग के फॉर्मेट में इस बार कई बदलाव किए गए हैं ताकि मुकाबले और प्रतिस्पर्धात्मक और दर्शकप्रिय बन सकें। विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि यह लीग न केवल भारतीय कुश्ती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाई पर ले जाएगी, बल्कि नोएडा को भी वैश्विक खेल आयोजनों का केंद्र बनाने में मदद करेगी। इस अवसर पर नोएडा सिटीजन फोरम के महासचिव प्रशांत त्यागी, अविनाश सिंह, भारतीय कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष डॉ एस पी देशवाल, लीग आयोजक अखिल गुप्ता और चेयरमैन दयान फारूखी भी उपस्थित रहे।





