Noida Threat: सीबीएसई परीक्षा के बीच 12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

Noida Threat: सीबीएसई परीक्षा के बीच 12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट
नोएडा में सीबीएसई और यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के बीच सुरक्षा चुनौती खड़ी हो गई है। शहर के लगभग 12 स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम धमाके की धमकी दी गई, जिससे अभिभावकों और छात्रों में डर और चिंता की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने स्कूल परिसरों का सघन निरीक्षण किया और स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया।
पुलिस के अनुसार, अब तक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। साइबर टीम धमकी ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
स्कूल प्रबंधन ने भी एहतियात बरतते हुए सभी छात्रों को कक्षाओं से बाहर निकालकर मैदान में एकत्र किया, जहां शिक्षकों की देखरेख में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इस दौरान पुलिस और बम स्क्वायड टीम ने स्कूल परिसरों का पूरा निरीक्षण किया और किसी भी प्रकार की खतरे की आशंका को खारिज किया।
नोएडा में यह मामला पिछले दिनों हुए हॉक्स मेल मामले की याद दिलाता है। जनवरी में स्कूलों को बम धमकी वाला ईमेल भेजने वाले गैंग को STF ने गिरफ्तार किया था। इस गिरोह में नेपाली मूल के केदारनाथ, लेखनाथ शर्मा, अमीस जंग कारकी और अन्य आरोपी शामिल थे। ईमेल अमेरिका से जनरेट किया गया था, लेकिन उसका लिंक नोएडा के फर्जी कॉल सेंटर से जुड़ा हुआ पाया गया था। इसके माध्यम से ऑनलाइन बेटिंग ऐप के नाम पर ठगी की जाती थी। डिजिटल ट्रेल और विस्तृत जांच के आधार पर STF ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था।
अब एक बार फिर इसी प्रकार की धमकी सामने आने से प्रशासन सतर्क हो गया है और छात्रों तथा स्कूलों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के साइबर और हॉक्स मेल मामलों में माता-पिता और स्कूल प्रबंधन तुरंत पुलिस को सूचित करें।




