नोएडा: पुलिस ने 3 तस्कर पकड़े, एक महिला भी शामिल,55 लाख की चरस बरामद
55 लाख की चरस बरामद, नेपाली नागरिक गिरोह का सरगना
नोएडा। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय चरस तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बीटा-2 थाना पुलिस और एएनटीएफ टीम मेरठ की संयुक्त कार्रवाई में नेपाली सरगना समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 55 लाख रुपये कीमत की 5.5 किलो चरस बरामद की गई है।
पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो पॉइंट से नेपाली नागरिक भाकसु कामी उर्फ बागसुर कामी, धीरज सिंह सामंत और उसकी बुआ तुलसी देवी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चरस के अलावा तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र और 2000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। ग्रेटर नोएडा एडीसीपी अशोक कुमार के अनुसार, गिरोह का सरगना भाकसु कामी नेपाल से चरस लाता था। धीरज और उसकी बुआ तुलसी देवी इसे दिल्ली, हरियाणा, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, शामली और एनसीआर क्षेत्र में फुटकर में बेचकर मुनाफा कमाते थे। तुलसी देवी पहले से ही मुजफ्फरनगर के थाना छपार में दर्ज एक मामले में वांछित चल रही थी। यह गिरोह लंबे समय से नेपाल से भारत में चरस की तस्करी कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।


