नोएडा पुलिस ने जालसाज किया गिरफ्तार, कागज की गड्डी के ऊपर नीचे लगाता था असली नोट
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा सेक्टर-63 पुलिस ने कागज की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर धोखाधड़ी करने और चोरी करने वाले को गुरुवार को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 2500 रुपये, कागज के नोटों की एक गड्डी और एक चाकू बरामद हुआ। उसका साथी फरार है। कुशीनगर के दिनेश पांडेय ने बताया कि वह बुधवार शाम सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन के पास खड़ा था। इसी दौरान एक युवक आया और उसने कहा कि एक युवक को कंपनी ने वेतन नहीं दिया। वह कंपनी से रुपये चोरी करके भाग आया है। उसके पास 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी है। वह एक गड्डी महज 12,500 रुपये में देने को तैयार है, लेकिन यह जानकारी किसी को नहीं देना। लालच में आकर दिनेश पांडेय उस युवक के साथ एटीएम बूथ में गया और 25 हजार रुपये निकाल लिए। यह रकम देकर दिनेश ने उक्त युवक से नोटों की दो गड्डी ले लीं। युवक ने उनसे कहा कि ये गड्डी घर जाकर खोलना। इसी बीच दोनों युवक गायब हो गए। कुछ देर बाद उसने गड्डी खोलकर देखी तो उनमें कागज भरे थे। सिर्फ गड्डी के ऊपर और नीचे 500-500 के नोट लगे थे। दिनेश ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान दिल्ली बवाना स्थित जेजे कॉलोनी के इरफान उर्फ आलू के रूप में हुई। उसने अपने साथी का नाम शाहनवाज उर्फ मामू बताया। पुलिस दूसरे आरोपी को पकड़ने में जुटी है।


