Noida Police Operation Conviction: नोएडा में ऑपरेशन कन्विक्शन की बड़ी कामयाबी, 5080 अपराधियों को सजा

Noida Police Operation Conviction: नोएडा में ऑपरेशन कन्विक्शन की बड़ी कामयाबी, 5080 अपराधियों को सजा
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की प्रभावी पैरवी और मजबूत जांच के चलते हत्या, दुष्कर्म, लूट जैसे गंभीर मामलों में हजारों अपराधियों को सजा दिलाई गई है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देश और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में जघन्य अपराधों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया गया। इसके बाद इन मामलों को अदालत में मजबूती से पेश किया गया, जिससे दोषियों को सजा दिलाने में सफलता मिली।
पुलिस द्वारा निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के साथ समय पर साक्ष्य और गवाह अदालत में प्रस्तुत किए गए। इसी का परिणाम है कि 1 जनवरी 2023 से 3 अप्रैल 2026 तक कुल 5080 अपराधियों को सजा दिलाई जा चुकी है। आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान पॉक्सो एक्ट के 104, दुष्कर्म के 16, हत्या के 62, लूट के 323, डकैती के 15 और चोरी के 1403 मामलों सहित कुल 4549 मामलों में प्रभावी पैरवी की गई।
न्यायालय ने भी सख्त रुख अपनाते हुए 117 अपराधियों को आजीवन कारावास, 32 को 20 साल और 37 को 10 साल की सजा सुनाई है। इस कार्रवाई से न केवल पीड़ितों को न्याय मिला है, बल्कि अपराधियों में कानून का डर भी बढ़ा है। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने साफ किया है कि आगे भी ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और समाज में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।





