Noida News: मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने जा रहे सपा नेता मोहित नागर समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में
Noida News: मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने जा रहे सपा नेता मोहित नागर समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में
नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने जा रहे समाजवादी पार्टी के नेता मोहित नागर समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया।
जानकारी के अनुसार सपा नेता जिम्स के स्वास्थ्यकर्मियों पर हुए कथित लाठीचार्ज और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करना चाहते थे। इसके साथ ही वे मुख्यमंत्री के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराने और काला झंडा दिखाने की तैयारी में थे।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ही विरोध प्रदर्शन की सूचना मिल गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस ने मोजरबियर गोलचक्कर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मोहित नागर सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा।




