Noida Metro: सेक्टर-51-52 स्काईवॉक जोड़ने में IIT की मदद ली जाएगी

Noida Metro: सेक्टर-51-52 स्काईवॉक जोड़ने में IIT की मदद ली जाएगी
नोएडा: सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बीच बन रहे स्काईवॉक को पूरी तरह जोड़ने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने आईआईटी से मदद लेने का निर्णय किया है। वर्तमान में सेक्टर-51 स्टेशन की तरफ स्काईवॉक को जोड़ने में बीचोबीच मौजूद बीम बाधा बन रही है, जिसे हटाने या सुरक्षित तरीके से स्काईवॉक से जोड़ने के लिए आईआईटी से सेफ्टी रिपोर्ट ली जाएगी।
स्काईवॉक का निर्माण कार्य अधिकांश रूप से पूरा हो चुका है, लेकिन सेक्टर-51 स्टेशन की तरफ जोड़ने का काम अभी बाकी है। प्राधिकरण की ओर से कहा गया कि बीम को हटाए बिना स्काईवॉक को जोड़ना संभव नहीं है। इस मामले में फाइल लगभग चार महीने से लंबित थी। पहले प्राधिकरण ने इसे खुद हटाकर दूसरी बीम बनाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब आईआईटी की तकनीकी मदद लेने का निर्णय लिया गया है।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि सेक्टर-52 स्टेशन की तरफ जोड़ने में भी कुछ तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। आईआईटी से सेफ्टी रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इस पूरी प्रक्रिया में वर्तमान बीम को हटाने और स्काईवॉक जोड़ने का कार्य लगभग एक महीने में पूरा होने का अनुमान है।





