राज्यउत्तर प्रदेश

Horticulture Contest: हाईराइज सोसाइटियों में बागवानी की सुंदरता का आंकलन शुरू

Horticulture Contest: हाईराइज सोसाइटियों में बागवानी की सुंदरता का आंकलन शुरू

नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों में बागवानी की सुंदरता और हरियाली के स्तर का मूल्यांकन शुरू हो गया है। 6 फरवरी से फ्लोरीकल्चर विभाग की टीमें शहर की विभिन्न सोसाइटियों में पहुंचकर बागवानी का निरीक्षण कर रही हैं। यह पहल हर वर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी और उससे जुड़ी बागवानी प्रतियोगिता का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शहर में हरित वातावरण को बढ़ावा देना और लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

इस वर्ष भी पुष्प प्रदर्शनी के साथ-साथ हाईराइज सोसाइटी, आवासीय घर, क्लब, औद्योगिक इकाइयों, रोड साइड गार्डन और छत की बागवानी से जुड़ी विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को फ्लोरीकल्चर की कई टीमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में पहुंचीं और बगीचों, पौधों की विविधता, रखरखाव, हरियाली, डिजाइन और पर्यावरणीय संतुलन जैसे बिंदुओं पर गहन निरीक्षण किया।
फ्लोरीकल्चर सोसाइटी की एग्जीक्यूटिव मेंबर ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा से 100 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। हाईराइज सोसाइटी श्रेणी में नोएडा की 9 और ग्रेटर नोएडा की 6 सोसाइटियां भाग ले रही हैं। 6 फरवरी से 12 फरवरी तक निर्णायक मंडल की ओर से सभी चयनित स्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए फ्लोरीकल्चर विभाग ने 6 से 7 टीमों का गठन किया है और प्रत्येक टीम में 2 से 3 विशेषज्ञ जज शामिल हैं। प्रतियोगिता के परिणाम पुष्प प्रदर्शनी के दौरान घोषित किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर-74 स्थित ग्रैंड अजनारा हेरिटेज सोसाइटी में भी टीम पहुंची। सोसाइटी के एओए सचिव अभिनव सैनी ने बताया कि उनकी सोसाइटी ने दूसरी बार इस बागवानी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है और इसके लिए पिछले एक वर्ष से लगातार तैयारी की जा रही थी। वहीं सेक्टर-93ए स्थित एमरॉल्ड कोर्ट सोसाइटी के एओए सदस्य और सिक्योरिटी चेयरमैन गौरव मेहरोत्रा ने बताया कि उनकी सोसाइटी भी दूसरी बार प्रतियोगिता में शामिल हुई है और शनिवार को फ्लोरीकल्चर की टीम ने यहां आकर विस्तृत निरीक्षण किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बड़े बगीचे, मध्यम बगीचे, छोटे बगीचे, मिनी गार्डन, बालकनी गार्डन, सर्वश्रेष्ठ एथनिक टेरेस गार्डन, सर्वश्रेष्ठ टेरेस गार्डन, सर्वश्रेष्ठ रोड साइड गार्डन, सर्वश्रेष्ठ ग्रीन बेल्ट और कॉर्पोरेट्स, संस्थान, विश्वविद्यालय व स्कूल जैसी कई श्रेणियों में मूल्यांकन किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस पहल से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को अपनाने की सोच भी मजबूत होगी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button