Greater Noida Priya Suicide Case: आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्टल बरामद
नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने प्रेमिका को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल आशीष पंवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी मूलरूप से गांव ककड़ीपुर, थाना रमाला, जिला बागपत का निवासी है और वर्तमान में ऑफिसर सिटी प्रथम, राज नगर एक्सटेंशन, थाना नंदग्राम, जिला गाजियाबाद में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, कार और मृतका की चप्पल बरामद की है। मृतका की चप्पल को अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह और मृतका पिछले पांच से छह वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच करीबी संबंध थे। दोनों के बीच शादी को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। घटना वाले दिन भी इसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। आशीष पंवार पर अपनी महिला मित्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। घटना के दिन दोनों राधा स्काई सोसाइटी में पार्टी में गए थे, जहां कहासुनी बढ़ने के बाद महिला कमरे में चली गई और आरोपी की बैग में रखी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर धारा-108, 62 बीएनएस और 30 आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


