Noida Gas Rule: PNG उपभोक्ताओं के LPG कनेक्शन होंगे बंद, 50 हजार लोग निशाने पर

Noida Gas Rule: PNG उपभोक्ताओं के LPG कनेक्शन होंगे बंद, 50 हजार लोग निशाने पर
नोएडा जिले में गैस उपभोक्ताओं को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब जिन लोगों के पास पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) का कनेक्शन है, वे एलपीजी सिलेंडर का लाभ नहीं उठा सकेंगे। ऐसे उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन बंद किए जाएंगे। इस कदम का उद्देश्य गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाना और सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाना है।
अधिकारियों के अनुसार जिले में करीब 50 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनके पास पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन मौजूद हैं। गैस कंपनियों का मानना है कि एक ही घर में दोनों सुविधाओं का उपयोग करने से अनावश्यक खपत बढ़ती है और कालाबाजारी को बढ़ावा मिलता है।
नोएडा में वर्तमान में पीएनजी के करीब साढ़े चार लाख उपभोक्ता हैं, जबकि घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 10 लाख के आसपास है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग दोनों सुविधाओं का एक साथ उपयोग कर रहे हैं, जिसे अब नियमों के तहत नियंत्रित किया जाएगा।
गैस कंपनियों ने इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान शुरू कर दी है। जिन लोगों के पास दोनों कनेक्शन पाए जाएंगे, उनके एलपीजी कनेक्शन को बंद किया जाएगा।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनके पास पहले से पीएनजी कनेक्शन है, वे स्वेच्छा से अपने एलपीजी कनेक्शन को गैस एजेंसी जाकर बंद करवा दें। यदि उपभोक्ता ऐसा नहीं करते हैं, तो एलपीजी सिलेंडर की अगली बुकिंग के समय उनका कनेक्शन स्वतः बंद कर दिया जाएगा।
इस निर्णय से गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही, इससे जरूरतमंद उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम लंबे समय से चली आ रही अनियमितताओं को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।




