Noida: ओडिशा से एनसीआर तक गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा, 102 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Noida: ओडिशा से एनसीआर तक गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा, 102 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
नोएडा के थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से एनसीआर में गांजा सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 102.4 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान गांजा ले जा रही एक एक्सेंट कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि बुधवार को पुलिस को तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक्सपोमार्ट के पास नाले के किनारे ब्राली रोड पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध एक्सेंट कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान रिंकू यादव, संजीव साहू और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
रिंकू यादव मूल रूप से मैनपुरी का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के मामूरा इलाके में रह रहा था। संजीव साहू बदायूं का निवासी है, जो गाजियाबाद के राहुल विहार में किराये पर रहता था, जबकि अभिषेक कुमार बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और नोएडा के सेक्टर-70 में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर एनसीआर के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। आरोपी ओडिशा से ट्रक किराये पर लेकर गांजा लाते थे और पुलिस व सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए सुनसान और ग्रामीण रास्तों का इस्तेमाल करते थे। ट्रक से गांजा उतारने के बाद उसे किराये के मकानों में छिपाया जाता था और फिर टैक्सी कारों के जरिए अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जाती थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा 4 से 5 हजार रुपये प्रति किलो की दर से खरीदते थे और एनसीआर में 15 से 20 हजार रुपये प्रति किलो तक में बेच देते थे। इस अवैध कारोबार से उन्हें भारी मुनाफा होता था। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और एनसीआर के कई शहरों में किराये पर कमरे लेकर अपना नेटवर्क फैला रखा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रिंकू यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना फेस-3 और थाना एक्सप्रेसवे में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। संजीव साहू पर थाना सेक्टर-63 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि अभिषेक कुमार के खिलाफ थाना फेस-3 में पहले से एनडीपीएस एक्ट का केस चल रहा है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि वे कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को गांजा सप्लाई करते थे। पुलिस को इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की जानकारी भी मिली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एनसीआर में सक्रिय एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ




