Noida Drug Racket Busted: चंद रुपयों के लालच में युवाओं को दे रहे थे गांजा, दो महिला समेत पांच गिरफ्तार

Noida Drug Racket Busted: चंद रुपयों के लालच में युवाओं को दे रहे थे गांजा, दो महिला समेत पांच गिरफ्तार
नोएडा। थाना इकोटेक-3 पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त तीन पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 9 किलो 900 ग्राम गांजा और गांजा बिक्री से प्राप्त 2 लाख 90 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई इलाके में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ कैंप के पास यूटर्न पर कुछ लोग गांजा की तस्करी और बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इकोटेक-3 पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और पांचों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई सत्यशरण और सुमित के अलावा अभिषेक, लाली पत्नी अभिषेक उर्फ दुर्गेश और कश्मीरा शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपी सुमित के पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा और 1 लाख 9 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए, जबकि अभिषेक के कब्जे से 2 किलो 300 ग्राम गांजा और 80 हजार 300 रुपये नकद मिले। वहीं लाली के पास से 700 ग्राम और कश्मीरा के पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। कुल मिलाकर पुलिस ने 9.9 किलो गांजा और 2,90,400 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से गुलिस्तानपुर क्षेत्र में रहकर गांजा की तस्करी और बिक्री का नेटवर्क चला रहे थे। आरोपी गांजा को छोटे-छोटे पैकेट और पुड़ियों में पैक कर आसपास के इलाकों के युवाओं को सप्लाई करते थे। मौके से बरामद स्टेपलर, पिन और पॉलीथीन से यह स्पष्ट हुआ कि गांजा की पैकिंग और बिक्री मौके पर ही की जा रही थी।
आरोपियों की शैक्षणिक स्थिति भी सामने आई है, जिसमें सत्यशरण ने कक्षा पांच तक, सुमित ने कक्षा आठ तक और अभिषेक ने कक्षा दस तक पढ़ाई की है, जबकि दोनों महिला आरोपी लाली और कश्मीरा अनपढ़ बताई गई हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी मूल रूप से अलग-अलग जनपदों के रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में रहकर नशे के अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजा की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




