Noida Electricity Bill: बिना मीटर-कनेक्शन के ₹1.5 लाख का बिल, युवक परेशान, दफ्तरों के काट रहा चक्कर

Noida Electricity Bill: बिना मीटर-कनेक्शन के ₹1.5 लाख का बिल, युवक परेशान, दफ्तरों के काट रहा चक्कर
नोएडा में बिजली बिल से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बिना मीटर और कनेक्शन के ही एक व्यक्ति को करीब डेढ़ लाख रुपये का बिल भेज दिया गया। इस घटना के बाद पीड़ित पिछले एक महीने से बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
मामला पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड से जुड़ा है। पीड़ित मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में रोजा जलालपुर में 60 वर्ग गज का प्लॉट खरीदा था। वर्ष 2023 में उन्होंने निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन किसी तरह का बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन नहीं किया था।
पीड़ित का कहना है कि निर्माण कार्य कुछ समय बाद बंद हो गया, क्योंकि परिवार में स्वास्थ्य संबंधी समस्या आ गई थी। इसके बावजूद उनके नाम पर अचानक 4 किलोवाट के कनेक्शन का भारी-भरकम बिल जारी कर दिया गया, जो लगभग ₹1.5 लाख का है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि न तो उनके द्वारा कोई आवेदन किया गया था और न ही कोई वैध दस्तावेज जमा किए गए थे। आरोप है कि बिजली विभाग ने मीटर किसी अन्य प्लॉट पर लगाकर उसका बिल उनके नाम पर भेज दिया।
मुकेश कुमार का कहना है कि वह पिछले कई हफ्तों से लगातार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि न तो मीटर की सही लोकेशन की जांच की जा रही है और न ही बिल की त्रुटि को सुधारा जा रहा है।
मामले को लेकर पीवीवीएनएल के अधिकारियों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति ने कनेक्शन लिया है और पहले महीने का बिल भी जमा किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि एसडीओ को मामले की जांच कर आवश्यक मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल यह मामला बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है, जहां बिना स्पष्ट रिकॉर्ड और जांच के भारी बिल जारी होने से आम उपभोक्ता परेशान है। पीड़ित न्याय की उम्मीद में लगातार विभागीय दफ्तरों के चक्कर काट रहा है।

