Noida Cyber Crime: नोएडा में कंपनी बनाकर साइबर ठगी का खेल, तीन आरोपी गिरफ्तार
Noida Cyber Crime: नोएडा में कंपनी बनाकर साइबर ठगी का खेल, तीन आरोपी गिरफ्तार
नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी कंपनियों के जरिए ऑनलाइन ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सेक्टर-44 क्षेत्र से अविनाश झा, हिमांशु कुमार और जितेंद्र दहिया उर्फ आशू को पकड़ा। तीनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं और लंबे समय से साइबर फ्रॉड नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले फर्जी कंपनियों का पंजीकरण करवाते थे और फिर उन्हीं कंपनियों के नाम पर अलग-अलग बैंकों में करंट अकाउंट खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से आई रकम को जमा करने और दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था, ताकि पैसा वैध दिखाई दे सके। जांच के दौरान पुलिस को खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, 2800 रुपये नकद, एक मोहर और कई जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लंबे समय से साइबर ठगी के पैसों को अलग-अलग खातों में घुमाने का काम कर रहे थे। पुलिस को कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और पंजाब समेत कई राज्यों से इन खातों के जरिए हुई साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें मिली थीं।
पुलिस के अनुसार गिरोह का सबसे उम्रदराज सदस्य अविनाश झा है जिसकी उम्र 29 साल है, जबकि हिमांशु 26 और जितेंद्र 27 वर्ष के हैं। तीनों केवल 12वीं तक पढ़े हैं, लेकिन साइबर अपराध के इस नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल थे। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और बैंक खातों के जरिए हुए ट्रांजैक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से बैंक खाता या कंपनी रजिस्टर न कराएं, क्योंकि ऐसे मामलों में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।





