उत्तर प्रदेशराज्य

Fake Call Center Busted: नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, क्रूज जॉब के नाम पर 150 से ज्यादा लोगों से ठगी, 4 गिरफ्तार

Fake Call Center Busted: नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, क्रूज जॉब के नाम पर 150 से ज्यादा लोगों से ठगी, 4 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के Noida में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-63 पुलिस और साइबर टीम ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो क्रूज पर नौकरी दिलाने के नाम पर देशभर के युवाओं से ठगी कर रहे थे।

यह पूरा मामला Sector 63 Noida स्थित एक ऑफिस से जुड़ा है, जहां आरोपी “सी जोन रिक्यूरमेंट एंड ट्रेनिंग” नाम से फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आकर्षक विज्ञापन देकर युवाओं को नौकरी का लालच देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार, सचिन, अमन कुमार और वीरेंद्र के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 20 से 31 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने इनके पास से 4 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 9 बैंकों के डेबिट कार्ड, 12 हजार रुपये नकद, 9 ऑफर लेटर और कॉलिंग स्क्रिप्ट भी बरामद की है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारी एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर.के. गौतम ने बताया कि यह गैंग युवाओं को क्रूज पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर पहले आवेदन करवाता था और फिर उन्हें अलग-अलग बहानों से पैसे ऐंठता था।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह उम्मीदवारों से मेडिकल फिटनेस चेकअप के नाम पर 10 हजार रुपये, ट्रेनिंग के नाम पर 45 हजार रुपये और वीजा व वर्क ऑर्डर प्रोसेसिंग के नाम पर 25 हजार रुपये तक वसूलता था। कुल मिलाकर हर शिकार से करीब 55 हजार से 80 हजार रुपये तक की ठगी की जाती थी।

आरोपी लोगों को फंसाने के लिए पहले स्क्रिप्ट के जरिए बातचीत करते थे और फिर धीरे-धीरे उन्हें भुगतान के लिए मजबूर करते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपी मोबाइल नंबर बंद कर देते और ऑफिस को दूसरी जगह शिफ्ट कर फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार अब तक इस गिरोह से 150 से अधिक लोगों के ठगे जाने की आशंका है। सभी बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

Noida Police ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और अन्य संभावित साथियों की तलाश जारी है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button