Noida building collapse: नोएडा में पुरानी बिल्डिंग ध्वस्त, बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम की दीवार गिरी

Noida building collapse: नोएडा में पुरानी बिल्डिंग ध्वस्त, बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम की दीवार गिरी
नोएडा। थाना फेज-2 क्षेत्र में बुधवार रात एक पुरानी बिल्डिंग को तोड़ते समय कंपनी की बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम की दीवार अचानक गिर गई। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों और पास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों ने हादसे की जानकारी तुरंत डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और संबंधित पक्षों से पूछताछ की। पड़ोसी कंपनी Tianyin Worldtech India Pvt Ltd के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मदरसन प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना था कि बिल्डिंग को बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किए ध्वस्त किया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि ध्वस्तीकरण के दौरान पर्याप्त सेफ्टी बैरिकेडिंग और संरचनात्मक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिससे उनकी फैक्ट्री को नुकसान हुआ।
दूसरी ओर, ध्वस्तीकरण कार्य कर रहे ठेकेदार ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि काम नियमानुसार किया जा रहा था। ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि दीवार गिरने से हुए नुकसान की मरम्मत जल्द की जाएगी और आवश्यक सुधार कर दिया जाएगा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह देख रही है कि क्या हादसे में किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं।





