
New Delhi : दिल्ली में गर्मियों के दौरान पेयजल आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में जल प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और साफ कहा गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल तात्कालिक राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक समाधान पर भी काम कर रही है ताकि भविष्य में राजधानी को जल संकट से पूरी तरह मुक्त किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रवेश साहिब सिंह और राजीव वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि राजधानी के विभिन्न जल शोधन संयंत्रों से अधिकतम उत्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है और कच्चे पानी की गुणवत्ता पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। जल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष व्यवस्था की गई है, जहां टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति को मजबूत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। ट्यूबवेल की संख्या बढ़ाई गई है, टैंकरों और फिक्स्ड सप्लाई पॉइंट्स में वृद्धि की गई है तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टैंकर भी तैयार रखे गए हैं। पानी की अधिक जरूरत वाले इलाकों में विशेष फोकस किया जा रहा है।
शिकायत निवारण प्रणाली को भी मजबूत किया गया है। 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे हैं और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। सेंट्रल कंट्रोल रूम, चैटबॉट प्रणाली और विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कॉल सेंटर भी शुरू किए गए हैं। शहर में 28 जल आपातकालीन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए सक्रिय हैं।
मुख्यमंत्री ने जल आपूर्ति बढ़ाने के प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए द्वारका में नए जल शोधन संयंत्र को जल्द शुरू करने पर जोर दिया। साथ ही, जल पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए बवाना में रीसाइक्लिंग प्लांट को भी जल्द चालू करने की तैयारी को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने बताया कि जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त ट्यूबवेल लगाए गए हैं और पुरानी पाइपलाइनों को बदला गया है। लीकेज रोकने, सीवर सफाई, भूमिगत जलाशयों की सफाई और पंपिंग स्टेशनों के रखरखाव जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार दिल्ली के हर नागरिक तक स्वच्छ और पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





