राज्यदिल्लीराज्य

New Delhi : मयूर विहार से एम्स तक सिग्नल-फ्री सफर का रास्ता साफ, दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

New Delhi : दिल्ली सरकार ने राजधानी में ट्रैफिक जाम कम करने और लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने बारापुला फेज-III एलिवेटेड कॉरिडोर और एमबी रोड पर 6 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर व अंडरपास परियोजना को स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं से लाखों लोगों को राहत मिलेगी और दिल्ली की सड़क व्यवस्था अधिक आधुनिक और सुगम बनेगी। यह परियोजनाएं विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और विकसित भारत के विजन को भी आगे बढ़ाएंगी।

सोमवार को दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में इन दोनों परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बारापुला नाले के ऊपर सराय काले खां से मयूर विहार तक एलिवेटेड रोड फेज-III के निर्माण के लिए संशोधित लागत 1635.03 करोड़ रुपये मंजूर की गई है। यह परियोजना मौजूदा बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर का विस्तार है। इसके पूरा होने पर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार से दक्षिण दिल्ली के एम्स तक बिना सिग्नल के सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच रोज यात्रा करने वाले लाखों लोगों का यात्रा समय काफी कम होगा। सराय काले खां, रिंग रोड, डीएनडी फ्लाईवे और एनएच-24 के आसपास होने वाला ट्रैफिक जाम भी कम होगा। सरकार ने इस परियोजना का निर्माण कार्य 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार के समय इस परियोजना में हुई अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया गया है। पूरे मामले को एंटी करप्शन ब्रांच को विस्तृत जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि देरी क्यों हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन था। वर्तमान सरकार परियोजना को स्पष्ट वित्तीय व्यवस्था और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ा रही है।

कैबिनेट ने साकेत जी-ब्लॉक से पुल प्रह्लादपुर तक एमबी रोड पर 6 लेन एलिवेटेड रोड और अंडरपास बनाने की परियोजना को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1471.14 करोड़ रुपये है और इसका निर्माण दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा किया जाएगा।

परियोजना को दो हिस्सों में लागू किया जाएगा। पहले हिस्से में साकेत जी-ब्लॉक से संगम विहार तक डबल डेकर इंटीग्रेटेड स्ट्रक्चर बनाया जाएगा, जिसमें 6 लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर, साकेत जी-ब्लॉक पर 6 लेन अंडरपास, बीआरटी कॉरिडोर से फ्लाईओवर तक एलिवेटेड रैंप और एमबी रोड को बीआरटी कॉरिडोर से जोड़ने वाला दो लेन अंडरपास शामिल होगा। दूसरे हिस्से में मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रह्लादपुर तक लगभग 2.48 किलोमीटर लंबा 6 लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जो दिल्ली मेट्रो की टनल के ऊपर तैयार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमबी रोड दक्षिण दिल्ली की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जहां लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। परियोजना पूरी होने के बाद साकेत, आंबेडकर नगर, खानपुर, संगम विहार और पुल प्रह्लादपुर के बीच यातायात अधिक सुगम होगा और लोगों के सफर का समय काफी कम हो जाएगा।

कैबिनेट ने लोक निर्माण विभाग को यह भी निर्देश दिया है कि एमबी रोड के शेष हिस्सों का अलाइनमेंट जल्द तय किया जाए, जिसमें संगम विहार से मां आनंदमयी मार्ग और पुल प्रह्लादपुर से बदरपुर तक का हिस्सा शामिल है। इससे साकेत जी-ब्लॉक से बदरपुर तक पूरी एमबी रोड पर यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को आधुनिक, सुगम और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे से लैस करने के लिए लगातार काम कर रही है। आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से विकसित दिल्ली की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि राजधानी की यातायात व्यवस्था अधिक कुशल और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बन सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली में पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से बुनियादी ढांचे का विकास करना है। जहां पहले कई परियोजनाएं लंबे समय तक अटकी रहीं, वहीं अब उन्हें तेज गति से पूरा कर दिल्ली को बेहतर यातायात व्यवस्था देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button