राज्यदिल्लीराज्य

New Delhi : दिल्ली गेट पर ‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ का लोकार्पण, शहर को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर

New Delhi : उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली गेट स्थित बहादुर शाह जफर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए ‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली को सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाना सभी का साझा सपना है और इसके लिए शहर में लगातार विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी को साफ-सुथरा, सुंदर और आकर्षक बनाना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और जंगपुरा के विधायक तरविंदर सिंह मारवाह सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने कहा कि लंबे समय से की जा रही तैयारियों के बाद यह कलात्मक संरचना तैयार हुई है। इसके निर्माण में टीम ने करीब सात से आठ महीनों तक लगातार मेहनत की, जिसके परिणामस्वरूप यह भव्य और आकर्षक रचना सामने आई है।

उन्होंने बताया कि ‘पार्थ-सारथी रथ’ केवल कलात्मक दृष्टि से ही नहीं बल्कि संरचनात्मक रूप से भी मजबूत है और इसकी अनुमानित आयु लगभग 50 वर्ष मानी जा रही है। उन्होंने इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग की पूरी टीम के समर्पण और मेहनत की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह की कलात्मक संरचनाएं शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनती हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली गेट और बहादुर शाह जफर मार्ग का इलाका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ यहां ‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ की स्थापना की गई है ताकि क्षेत्र की पहचान और सुंदरता को और मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों को साफ और सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे शहर का वातावरण बेहतर होता है और लोगों को बेहतर सार्वजनिक अनुभव मिलता है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाओं के माध्यम से ऐतिहासिक क्षेत्रों को अधिक आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाया जा रहा है। यह संरचना आम लोगों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी और आसपास के इलाके की सुंदरता को बढ़ाएगी।

‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ 10 मिमी मोटी 316 ग्रेड स्टेनलेस स्टील प्लेट से बनाया गया है। इसकी संरचना का आकार लगभग 30 फीट × 20 फीट है और इसका कुल वजन करीब 5500 किलोग्राम है। रात के समय इसकी भव्यता को उभारने के लिए इसमें 12 स्पॉट लाइट और 12 फ्लड लाइट लगाई गई हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्र में लैंडस्केपिंग और बागवानी का कार्य भी कराया गया है, जिससे पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है।

Related Articles

Back to top button