Drug-Free India: हमें हर एक युवा को नशे के चंगुल में फंसने से बचाना है: PM

Drug-Free India: हमें हर एक युवा को नशे के चंगुल में फंसने से बचाना है: PM

नई दिल्ली, 2 अगस्त: विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय शुभारंभ किया। देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने नशे के खिलाफ इस अभियान को जनभागीदारी का राष्ट्रीय आंदोलन बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशे जैसी बुरी आदतों से पूरी तरह मुक्त होगा। उन्होंने युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज में नशे के खिलाफ जनजागरण फैलाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यह केवल युवाओं का अभियान नहीं बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा संकल्प है। प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि काशी से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुई यह पहल अब 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों तथा अनेक स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से राष्ट्रीय अभियान का रूप ले चुकी है।

प्रधानमंत्री के अनुसार अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को देशभर में कला, संस्कृति, खेल, योग, ध्यान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें नशे से दूर रखना है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ भी गया है तो उसके लिए सभी रास्ते बंद नहीं होते। परिवारों को सामाजिक प्रतिष्ठा के डर से समस्या छिपाने के बजाय चिकित्सकीय सहायता लेने और बच्चों के साथ खुला संवाद बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों से भी परिसर में नशा विरोधी अभियान चलाने का आग्रह किया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस लड़ाई में समाज की भागीदारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश का युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर विकसित भारत के संकल्प को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img