नाले में गिरे व्यक्ति की जान बचाने वाले चौकी प्रभारी को पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मानित

अमर सैनी

नोएडा।अपनी जान पर खेलकर एक व्यक्ति की जान बचाने वाले थाना फेस-2 क्षेत्र के पंचशील चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सोहनवीर सिंह को आज पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर लक्ष्मी सिंह ने 25 हजार नकद तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस कमिश्नर द्वारा उप निरीक्षक के कार्यों की सराहना करने पर शहर की जनता ने पुलिस कमिश्नर का आभार व्यक्त किया है।

बता दें कि सोमवार को फेज दो थानाक्षेत्र स्थित शहीद भगत सिंह रोड के पास गहरे नाले में एक व्यक्ति शराब के नशे में गिर गया। व्यक्ति जब नाले में डूब रहा था तभी उधर से गुजर रहे राहगीरों ने उसे देख लिया। एक राहगीर ने इसकी सूचना पंचशील चौकी प्रभारी को दी। इसके बाद महज पांच मिनट में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सोहनवीर सिंह साथी पुलिसकर्मी नवनीत कुमार और प्रदीप कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में डूब रहा व्यक्ति मदद की गुहार लगा रहा था। व्यक्ति को नाले में फंसा देख चौकी प्रभारी सोहनवीर सिंह भी वर्दी पहने हुए ही नाले में उसको बचाने के लिए रस्से के सहारे कूद पड़े। व्यक्ति लगभग बेहोशी की हालत में था।
चौकी प्रभारी व्यक्ति को बीच नाले से किनारे लाए और रस्से की मदद से उसे बाहर निकाला गया। इस नेक कार्य की सोशल मीडिया पर एक मिनट 48 सेकेंड का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें चौकी प्रभारी व्यक्ति को रस्से की मदद से बाहर निकालते हुए दिख रहे हैं। वीडियो को कई लोगों ने सोशल मीडिया पर साझा किया है और कई ने इस पर टिप्पणी करते हुए पुलिस की प्रशंसा भी की है।चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सोहनवीर सिंह द्वारा इस नेक कार्य को किए जाने पर आज पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर लक्ष्मी सिंह ने उन्हें 25 हजार नकद तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने सोहनवीर सिंह की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img