Murder Case: जसवीर मौर्य की गला दबाकर हत्या का खुलासा, आरोपी गोविन्द शर्मा गिरफ्तार

Murder Case: जसवीर मौर्य की गला दबाकर हत्या का खुलासा, आरोपी गोविन्द शर्मा गिरफ्तार

नोएडा। बिसरख थाना पुलिस ने जसवीर मौर्य की गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी गोविन्द शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से बीयर की दो बोतलें, देशी शराब के दो पाउच, नमकीन के दो खाली पाउच, दो प्लास्टिक के गिलास और आरोपी की चप्पल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली गई। जांच के आधार पर पुलिस टीम ने 18 अगस्त 2026 को आरोपी गोविन्द शर्मा को रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी दुखी शर्मा का बेटा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।

क्रिकेट ग्राउंड में हुई थी दोनों की दोस्ती

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल और बिहार का रहने वाला है। पिछले करीब चार साल से ग्राम रोजा जलालपुर में किराये पर रहकर कारपेंटर का काम कर रहा था। वह अक्सर मैच देखने के लिए आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड जाता था।

इसी क्रिकेट ग्राउंड में उसकी मुलाकात जसवीर मौर्य से हुई थी। जसवीर मौर्य क्रिकेट ग्राउंड की एक कोठरी में अकेले रहता था और वहां साफ-सफाई, देखरेख तथा घास काटने का काम करता था। दोनों की दोस्ती हो गई थी और वे कभी-कभी साथ बैठकर शराब और बीयर पीते थे।

गाली-गलौज के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप

आरोपी के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 को दोनों आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड में जसवीर की कोठरी के सामने बैठकर शराब और बीयर पी रहे थे। इसी दौरान जसवीर गाली-गलौज करने लगा। गोविन्द ने उसे गाली देने से मना किया, लेकिन विवाद बढ़ गया और जसवीर ने उसे धक्का दे दिया।

आरोपी ने बताया कि इसके बाद उसने भी जसवीर को धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। गुस्से में गोविन्द उसके सीने पर बैठ गया और दोनों हाथों से उसका गला दबाने लगा। आरोपी के अनुसार, उसने काफी देर तक जसवीर का गला दबाए रखा।

मौत के बाद मौके से भागा, चप्पल छूटी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि जसवीर की हरकत बंद होने के बाद उसे लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद वह मौके से भाग गया। भागते समय उसकी एक चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गई थी। पुलिस ने घटनास्थल के पास से यह चप्पल समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस अब मामले में बरामद साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img