Airport Jobs: एयरपोर्ट में नौकरी के लिए 7 युवाओं के दस्तावेजों का सत्यापन, जल्द मिलेगा ऑफर लेटर
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता खुलने लगा है। बुधवार को इंडिगो में नौकरी के लिए चयनित युवाओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब युवाओं को ऑफर लेटर देकर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इंडिगो में नौकरी के लिए हाल ही में साक्षात्कार के आधार पर आठ युवाओं का चयन किया गया था। बुधवार को कंपनी की ओर से इन चयनित युवाओं को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया। इनमें से सात युवा सत्यापन के लिए पहुंचे, जबकि एक युवा निजी कारणों से उपस्थित नहीं हो सका।
एयरपोर्ट से प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार का वादा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जिन किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किया गया था, उनके परिवारों के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का सरकार की ओर से वादा किया गया था। इन युवाओं ने सरकार की ओर से मिलने वाले पांच लाख रुपये के मुआवजे का लाभ भी नहीं लिया था।
युवाओं की शिकायत थी कि उन्हें एयरपोर्ट और एयरलाइंस कंपनियों में रोजगार देने के बजाय थर्ड पार्टी कंपनियों में नौकरी दी जा रही है। इसको लेकर युवाओं में नाराजगी भी थी। प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जाने के बाद एयरलाइंस कंपनी में रोजगार का रास्ता खुला है।
इंडिगो में आठ और एजाइल में 15 युवाओं का चयन
प्रशासन के अनुसार, इंडिगो में नौकरी के लिए आठ युवाओं का चयन किया गया है। इसके अलावा इंडिगो की सहायक कंपनी एजाइल में भी 15 युवाओं का चयन हुआ है। एजाइल में चयनित युवाओं के दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं भी जल्द पूरी कराई जाएंगी।
एसडीएम दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इंडिगो की नियुक्ति प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन के बाद अगला चरण ऑफर लेटर और नियुक्ति से जुड़ा होगा।


