भारतदिल्ली

HPV Vaccination India: 1.2 करोड़ किशोरियों को मुफ्त टीका, सर्विकल कैंसर रोकथाम पर बड़ा अभियान

HPV Vaccination India: 1.2 करोड़ किशोरियों को मुफ्त टीका, सर्विकल कैंसर रोकथाम पर बड़ा अभियान

नई दिल्ली में केंद्र सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। देशभर में सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत 14 वर्ष की लगभग 1.2 करोड़ किशोरियों को मुफ्त टीका लगाया जाएगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान की शुरुआत 28 फरवरी 2026 से की गई है। यह अभियान देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों तक इसका लाभ पहुंच सके।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस अभियान के तहत सिंगल-डोज गार्डासिल-4 वैक्सीन सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। टीकाकरण आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-जिला अस्पताल, जिला अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की लड़कियां भी आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। यह प्रक्रिया स्वैच्छिक है और इसके लिए अभिभावकों की सहमति आवश्यक है। इसके साथ ही सरकार ने सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग, समय पर पहचान और उचित इलाज जैसी बहु-आयामी रणनीति भी लागू की है।

विशेषज्ञों का मानना है कि एचपीवी टीकाकरण से आने वाले समय में महिलाओं में सर्विकल कैंसर के मामलों में बड़ी कमी आ सकती है। यह अभियान न केवल बीमारी की रोकथाम में मदद करेगा, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Related Articles

Back to top button