Noida: आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर 8 फरवरी को नोएडा में होगा हिंदू महासम्मेलन

Noida: आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर 8 फरवरी को नोएडा में होगा हिंदू महासम्मेलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नोएडा में एक भव्य हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 8 फरवरी को गौड़ सिटी स्थित राधा कृष्ण पार्क में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और आयोजन समिति इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटी हुई है।
हिंदू महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रशांत मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट रखने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और हिंदू संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और एकता के सूत्र में बांधने की आवश्यकता है, इसी उद्देश्य के तहत यह महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में महामंडलेश्वर स्वामी नवल दिल्ली और अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता किशोर दास महाराज मौजूद रहेंगे। दोनों संत हिंदू समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखेंगे। आयोजन समिति के अनुसार महासम्मेलन में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, साधु-संत और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
आयोजन समिति ने हिंदू समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह महासम्मेलन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और संगठित रहने का एक सशक्त मंच होगा।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





