Hapur News : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार शाम ब्रजघाट स्थित श्याम फूड प्रोडक्ट्स फर्म पर औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने ‘नंदन गोल्ड प्रीमियम’ ब्रांड के इंटरेस्टरिफाइड एडिबल वेजिटेबल फैट का नमूना लिया और खाद्य पदार्थ पर गलत जानकारी पाए जाने पर 339 लीटर खाद्य पदार्थ मौके से जब्त कर लिया। जब्त खाद्य पदार्थ की अनुमानित कीमत 57,360 रुपये बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। सहायक आयुक्त खाद्य ई चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने फर्म पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की और नमूने एकत्र किए।
छापेमारी टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, आरपी गुप्ता, मोहित कुमार और सोवेन्द्र सिंह पंघाल शामिल थे।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लिए गए नमूने को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और मानकों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 चंद्रशेखर मिश्र ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके तहत जिले के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।


