GST Fraud: अधिवक्ता के पैन और आधार का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म से जीएसटी इनपुट लेने का आरोप

GST Fraud: अधिवक्ता के पैन और आधार का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म से जीएसटी इनपुट लेने का आरोप
नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक गंभीर जीएसटी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक अधिवक्ता के पैन कार्ड और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी ट्रेडिंग फर्म के जरिए जीएसटी इनपुट क्रेडिट लेने का आरोप लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा सूरजपुर निवासी अधिवक्ता शकील अहमद ने बताया कि जब वह अपने टैक्स रिटर्न दाखिल कराने की प्रक्रिया में थे, तब उन्हें इस पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। जांच के दौरान पता चला कि उनके पैन और आधार कार्ड का इस्तेमाल कर “एम/एस शकील ट्रेडिंग कंपनी” नाम से एक फर्म 1 जुलाई 2017 को पंजीकृत कराई गई है। सरकारी वेबसाइट पर दर्ज विवरण के अनुसार यह फर्म दरियाबाद, जनपद बाराबंकी के पते पर दर्शाई गई है और उसका जीएसटी नंबर वर्तमान में सक्रिय है। अधिवक्ता का कहना है कि उन्होंने कभी भी किसी प्रकार का जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया और न ही किसी ट्रेडिंग फर्म का संचालन किया है।
इसके बावजूद उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी इनपुट क्रेडिट हासिल करने का प्रयास किया गया, जिससे न केवल उन्हें बल्कि सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। पीड़ित अधिवक्ता ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले थाना सूरजपुर में दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अदालत के आदेश पर पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी फर्म किसने बनाई, दस्तावेज कैसे हासिल किए गए और कितने समय से जीएसटी इनपुट का दुरुपयोग किया जा रहा था।



