Greater Noida vending zones: ग्रेटर नोएडा के 20 वेंडरों को विधायक ने सौंपा प्लेटफॉर्म आवंटन पत्र

Greater Noida vending zones: ग्रेटर नोएडा के 20 वेंडरों को विधायक ने सौंपा प्लेटफॉर्म आवंटन पत्र
नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (GNIDA) की ओर से विकसित वेंडिंग जोन में मंगलवार को 20 पात्र वेंडरों को उनके प्लेटफॉर्म आवंटित किए गए। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने इस अवसर पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ प्रेरणा सिंह की मौजूदगी में वेंडरों को आवंटन पत्र सौंपकर उन्हें नई व्यावसायिक जगह का अधिकार दिया। विधायक ने कहा कि प्राधिकरण की यह पहल वेंडरों के लिए रोजगार और उनके परिवार के भरण-पोषण का जरिया सुनिश्चित करेगी। साथ ही, नए प्लेटफॉर्म मिलने से ये वेंडर रोड किनारे रेहड़ी लगाने के बजाय व्यवस्थित तरीके से काम करेंगे, जिससे शहर में ट्रैफिक की समस्या भी कम होगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने वेंडरों के लिए सेक्टर अल्फा टू, बीटा वन व टू, सेक्टर-36, ओमीक्रॉन वन ए व 3, ज्यू-2 व 3, गामा टू, डेल्टा वन व थ्री, पाई-1 व 2 में कुल 769 प्लेटफॉर्म बनाए हैं। इन प्लेटफॉर्म पर शेड, बिजली-पानी की सुविधा और शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। प्राधिकरण ने यह सुनिश्चित किया है कि वेंडिंग जोन में सभी सुविधाएं पूर्ण हों, ताकि वेंडर व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से व्यापार कर सकें।
वेंडिंग जोन के पहले चरण में 20 पात्र वेंडरों को प्लेटफॉर्म दिए गए हैं। प्राधिकरण के अर्बन सर्विस विभाग के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में चयनित 109 पात्र वेंडरों में से कुछ नामों पर आपत्तियां उठी थीं। इसलिए प्राधिकरण ने पूरी पारदर्शिता के साथ सभी एसीईओ की एक समिति से दोबारा वेरिफिकेशन कराया। इसी प्रक्रिया के तहत पहले चरण में 20 पात्र आवंटियों को प्लेटफॉर्म प्रदान किया गया।
वेंडिंग जोन में प्लेटफॉर्म आवंटन के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम भी मौजूद रहे। प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि जैसे-जैसे और वेंडिंग जोन विकसित होंगे, वैसे-वैसे पात्र वेंडरों को उनके प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा, जिन सेक्टरों में सभी प्लेटफॉर्म आवंटित हो जाएंगे, उन्हें नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा की समस्या को भी नियंत्रित किया जा सके।
इस पहल से ग्रेटर नोएडा में रेहड़ी-पटरी वाले वेंडरों को व्यवस्थित और स्थायी व्यावसायिक स्थान मिलेगा। यह कदम शहर की सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


