Greater Noida Pushpotsav 2026: ड्रोन लाइट शो में जगमगाएगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पुष्पोत्सव-2026 बनेगा ऐतिहासिक

Greater Noida Pushpotsav 2026: ड्रोन लाइट शो में जगमगाएगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पुष्पोत्सव-2026 बनेगा ऐतिहासिक
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 27 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित होने जा रहे पुष्पोत्सव-2026 को इस बार पूरी तरह भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। इस आयोजन में पहली बार अत्याधुनिक ड्रोन लाइट शो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। ड्रोन शो के माध्यम से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, शासन की प्रमुख उपलब्धियां और भारत के नक्शे में आधुनिक शहर ग्रेटर नोएडा की भूमिका को आकाश में जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए 500 से अधिक ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा, जो आसमान में रोशनी के जरिए अद्भुत दृश्य रचेंगे।
पुष्पोत्सव की तैयारियों को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगातार बैठकें कर रहा है और हर स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार ड्रोन लाइट शो के लिए अब तक दो से तीन विशेषज्ञ कंपनियां अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं और जल्द ही अंतिम चयन किया जाएगा। ड्रोन शो करीब 15 से 20 मिनट का होगा, जिसमें अत्याधुनिक तकनीक के जरिए विभिन्न आकृतियां और दृश्य दिखाए जाएंगे।
ड्रोन लाइट शो के दौरान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं व उपलब्धियों को भी रोशनी के माध्यम से दर्शाया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र, भारत के नक्शे पर ग्रेटर नोएडा की स्थिति, इसरो का रॉकेट लॉन्चिंग दृश्य जैसे विषयों को भी ड्रोन के जरिए आकाश में उकेरा जाएगा।
पुष्पोत्सव में केवल ड्रोन शो ही नहीं, बल्कि फूलों की आकर्षक आकृतियां भी लोगों को लुभाएंगी। रंग-बिरंगे फूलों से ऑपरेशन सिंदूर, महात्मा गांधी का चरखा, भगवान बुद्ध की आकृति जैसी थीम आधारित रचनाएं तैयार की जाएंगी। इसके लिए देश के विभिन्न राज्यों से विशेष किस्म के फूल मंगाए जाने की योजना है, जो तीन से चार दिन तक ताजगी बनाए रख सकें।
उद्यान विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस बार पुष्पोत्सव की थीम फ्लावर कैलेंडुला रखी गई है। सिटी पार्क में कैलेंडुला प्रजाति के 20 हजार से अधिक फूल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही शहर के प्रमुख गोलचक्करों और चौराहों पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए जा रहे हैं, ताकि पूरे शहर में पुष्पोत्सव का माहौल नजर आए।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक विद्युत एवं उद्यान विभाग अजीत भाई पटेल ने बताया कि ड्रोन लाइट शो को लेकर तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शो की तारीख और समय का निर्धारण उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका आनंद ले सकें।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि पुष्पोत्सव-2026 के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है। इस बार ड्रोन लाइट शो आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण होगा, जिसमें ड्रोन के माध्यम से सरकार और प्राधिकरण की उपलब्धियों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





