Greater Noida illegal construction: ग्रेटर नोएडा में अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण, एफआईआर दर्ज

Greater Noida illegal construction: ग्रेटर नोएडा में अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण, एफआईआर दर्ज
नोएडा: ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नीमका गांव में अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई धारा 11 (4) के उल्लंघन के तहत की गई है, जिसमें अधिग्रहित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य अवैध माना जाता है।
जेवर तहसील में तैनात लेखपाल धीरेंद्र कुमार और प्रदीप कुमार तोमर ने इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि यह जमीन पहले ही अधिग्रहित हो चुकी है और इस पर निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी था।
अधिकारियों के अनुसार 29 मार्च को इसी निर्माणाधीन स्थल पर लेंटर गिरने की घटना भी सामने आई थी, हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
इस मामले में नगला हुकुम सिंह निवासी दीपक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जो इस भूमि पर निर्माण कार्य करा रहा था। बताया गया कि यह जमीन अनिल कुमार, ओम प्रकाश और बिशनपाल के नाम पर दर्ज है, लेकिन निर्माण कार्य दीपक द्वारा कराया जा रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





