Greater Noida Bus Way Project: ग्रेनो में 130 मीटर रोड पर बस-वे का काम इसी साल होगा पूरा

Greater Noida Bus Way Project: ग्रेनो में 130 मीटर रोड पर बस-वे का काम इसी साल होगा पूरा
ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर की सबसे प्रमुख 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर बस-वे के निर्माण का कार्य इसी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस परियोजना के तहत मकौड़ा से जैतपुर गोलचक्कर और जैतपुर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के पास स्थित गोलचक्कर तक बस-वे का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है और अगले छह माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक एवं 130 मीटर सड़क परियोजना के प्रभारी प्रभात शंकर के अनुसार अब तक करीब 17 किलोमीटर हिस्से में बस-वे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष हिस्से का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि तय समयसीमा के भीतर पूरी परियोजना को पूरा किया जा सके।
बस-वे के निर्माण के बाद यह 130 मीटर चौड़ी सड़क पूरी तरह से 22 लेन की हो जाएगी। इसमें मुख्य कैरिजवे के लिए दोनों ओर चार-चार लेन, बस-वे के लिए तीन-तीन लेन और सर्विस रोड शामिल होगी। इससे ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाले इस अहम मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी। इस सड़क की कुल लंबाई करीब 27 किलोमीटर है, जो शहर की लाइफलाइन मानी जाती है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के चालू होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने बस-वे के निर्माण को प्राथमिकता दी है, ताकि भविष्य में सार्वजनिक परिवहन निर्बाध रूप से संचालित किया जा सके और निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो।
प्राधिकरण 130 मीटर सड़क के विस्तार के जरिए नोएडा एयरपोर्ट और यमुना सिटी को सीधे जोड़ने की योजना पर भी काम कर रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क निर्माण करेंगे। इसके लिए सर्वे का काम फिलहाल जारी है।
नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के सभी प्रमुख शहरों से ई-बसों के संचालन की योजना है। गाजियाबाद और मेरठ की ओर से आने वाली बसें इसी 130 मीटर सड़क से होकर गुजरेंगी। एयरपोर्ट तक जाने वाली बसों को बिना किसी रुकावट के तेज गति से चलाने के उद्देश्य से बस-वे का निर्माण किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट के चालू होने के बाद शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ना तय है। इसे देखते हुए प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने और 130 मीटर सड़क के दोनों ओर बस-वे के निर्माण के कार्य को तेज कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस परियोजना को तय समय पर हर हाल में पूरा किया जाए।





